काकीनाडा , अक्टूबर 02 -- वामदलों और अन्य विपक्षी समूहों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को यहां कलेक्टरेट के सामने धरना दिया।
प्रदर्शन की अगुवाई मार्क्सवादी कम्युननिस्ट पार्टी (माकपा) जिला समिति सदस्य दुव्वा शेषु बाबजी ने की। प्रदर्शन में भारतीय कम्युननिस्ट पार्टी (भाकपा) जिला सचिव के बोडाकोंडा, भाकपा (माले) जिला समिति सदस्य चिन्नम नागेश्वर राव, रैतु कुली संघम के जिला सचिव वी राजाबाबू, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष माडेपल्ली सत्यानंद राव, आरपीआई के प्रदेश अध्यक्ष पिट्टा वराप्रसाद और आम आदमी पार्टी के नेता थोकला वरदराजन प्रमुख रूप से शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में देश के भीतर संवैधानिक अधिकारों को कमज़ोर किया गया है।उन्होंने संवैधानिक रूप से स्वायत्त संस्था चुनाव आयोग पर संविधान की रक्षा करने के बजाय भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्तों की चयन प्रक्रिया में मुख्य न्यायाधीश की जगह एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री को शामिल करने सहित संसदीय कानून के जरिये किये गये बदलावों ने चुनावी तंत्र को कमज़ोर कर दिया है।
नेताओं ने यह दावा भी किया कि चुनाव आयोग के दो अन्य सदस्यों ने 14 मौकों पर अपनी असहमति जतायी थी, जबकि मुख्य चुनाव आयुक्त ने एकतरफा फैसले लिये, जिससे लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के दौरान हटाये गये मतदाताओं की संख्या कई देशों की आबादी से भी अधिक है।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन का आह्वान करते हुए नेताओं ने लोगों से विपक्षी दलों के शुरू किये गये इस आंदोलन से जुड़ने का आग्रह किया।
प्रदर्शन में एससी/एसटी यूनाइटेड फोरम के नेता एम कृष्णमूर्ति और भय्या विजयकुमार, अधिवक्ता सुधीर, स्त्री विमुक्ति की नेता आर दुर्गादेवी, इंटक नेता थल्लूरी अजू, लिबरेशन के नेता गोडुगु सत्यनारायण और नागमणि समेत कई अन्य लोग शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित