ग्वालियर , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पूर्व सांसद एवं पूर्व महापौर स्वर्गीय नारायण कृष्ण शेजवलकर (काकाजी) के विचार और व्यक्तित्व सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि काकाजी के सान्निध्य में रहकर उन्हें संगठन और जनजीवन में कार्य करने की सीख मिली।

स्वर्गीय शेजवलकर की 103वीं जयंती पर नगर निगम मुख्यालय स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद नारायण कृष्ण शेजवलकर प्रशासनिक भवन, सिटी सेंटर में आयोजित समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि काकाजी ने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने सिखाया कि संगठन में समस्या नहीं, बल्कि समाधान बनकर कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि काकाजी का संपूर्ण जीवन सादगी, सरलता और जनसेवा का उदाहरण रहा। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से आज भी सार्वजनिक जीवन में कार्य करने वालों को प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम में उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, ग्वालियर जिले के प्रभारी गोपीकृष्ण नेमा, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक जादौन, ग्वालियर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया, नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वर्गीय शेजवलकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व संगठन मंत्री वेदप्रकाश शर्मा ने कहा कि काकाजी ने हमेशा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया और उनका सार्वजनिक जीवन सादगी एवं समर्पण का प्रतीक था। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने नगर निगम मुख्यालय परिसर में स्वर्गीय शेजवलकर की स्मृति में पौधारोपण भी किया। समारोह के अंतर्गत आयोजित भजनांजलि कार्यक्रम में भजन गायक पीयूष ताम्बे एवं सुश्री प्रतीक्षा ताम्बे ने भजनों की प्रस्तुति दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित