लंदन , सितंबर 26 -- काउंटी क्रिकेट में भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट के 25वें प्रथम श्रेणी पंजे की मदद से ससेक्स ने हैंपशायर के खिलाफ मुकाबले में अपनी पकड़ मज़बूत कर ली है। यह उनादकट का इस काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स के लिए दूसरा पंजा था।
क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज उनादकट ने 32 रन देकर पांच विकेट लिए और हैंपशायर की पहली पारी को मात्र 128 रनों पर समेटने में बड़ी भूमिका निभाई। इससे ससेक्स को पहली पारी में 116 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिली। दूसरी पारी में भी टॉम हेंस के नाबाद 99 रनों की बदौलत, ससेक्स ने पांच विकेट पर 216 रन बना लिए हैं, जिससे उनकी बढ़त 332 रनों की हो चुकी है। इससे पहले उन्होंने पहली पारी में 244 रन बनाए थे।
हैंपशायर की बल्लेबाजी को बड़ा नुकसान पहले दिन की शाम को ही हो चुका था, जब वे दिन का खेल खत्म होने तक 55 रन पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रहे थे। तब तक उनादकट ने दो विकेट हासिल किए थे। उन्होंने सबसे पहले एंगल से अंदर आती गेंद पर बाएं हाथ के निक गबिंस को पगबाधा आउट कराया और फिर टॉम अल्बर्ट स्लिप में उनका शिकार हुए थे।
दूसरे दिन टॉम प्राइस ने विकेटों की शुरुआत की। उन्होंने टॉम प्रेस्ट को विकेट के पीछे आउट कराया। इसके बाद नाइटवॉचर एडी जैक सात ओवर तक टिके रहे। उन्होंने, बेन ब्राउन के साथ मिलकर विकेटों के पतन को रोकने की कोशिश की, लेकिन उनादकट ने उनकी ऑफ स्टंप उड़ा दी। बेन मेयस ने ब्राउन के साथ 39 रन की साझेदारी की, लेकिन ससेक्स ने लगातार दबाव बनाए रखा। मेयस और ऐंड्रयू नील को जेम्स कोल्स ने पगबाधा किया, जिसके बाद उनादकट ने निचले क्रम का सफ़ाया कर दिया। चार टेस्ट खेल चुके इस तेज गेंदबाज ने जेम्स फ़ुलर को दूसरे स्लिप में कैच करवाया और इसके बाद काइल ऐबट का भी लेग स्टंप उड़ा दिया।
ससेक्स की दूसरी पारी में हेंस ने अधिकतर समय एंकर की भूमिका निभाई, जिससे दूसरे बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने और गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने का अवसर मिला। उन्होंने चार्ली टियर और ऑली कार्टर के साथ क्रमशः 62 और 64 रनों की साझेदारियां कीं और ससेक्स को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
हेंस ने इस सीज़न कई बार अच्छी शुरुआत की है, लेकिन वे अपने पांच अर्धशतकों को अभी तक शतक में नहीं बदल सके है। 99 रन पर नाबाद लौटे हेंस शुक्रवार की सुबह जल्द से जल्द इस सीज़न का अपना पहला शतक पूरा करना चाहेंगे, जो कि उनके प्रथम श्रेणी करियर का 16वां शतक होगा। वहीं ससेक्स की नज़रें तीसरे ही दिन जीत हासिल करने पर होगी।
अन्य मैचों में नॉर्थैंप्टनशायर के लिए खेल रहे युजवेंद्र चहल ने मिडिलसेक्स के निचले मध्यक्रम के बल्लेबाज़ों के दो विकेट लिए। वहीं वॉरविकशायर के लिए खेल रहे मानव सुथार को लीस्टरशायर के ख़िलाफ मात्र दो ओवर की गेंदबाजी मिली, क्योंकि उनके तेज गेंदबाजों ने ही सारा काम कर दिया था, जिससे लीस्टरशायर की टीम सिर्फ़ 125 रन पर ऑलआउट हो गई। सुथार ने बल्लेबाज़ी में 18 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 19 रन बनाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित