अमृतसर , जुलाई 14 -- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग, अमृतसर ने सीमा पार संचालित एक बड़े नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए लगभग 150 करोड़ रुपए की 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर, जो सीमा पार सक्रिय नशा तस्करों से जुड़ा हुआ है, के निर्देशों पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पंजाब के विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप उठाकर आगे अन्य तस्करों और सप्लायरों तक पहुंचाने का काम करते थे।
इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। श्री यादव ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान इस नेटवर्क की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चेन का खुलासा किया जा सके। उन्होंने कहा कि सीमा पार से संचालित नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और राज्य को नशामुक्त एवं सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित