हरदोई , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की 23 वर्षीय अंजलि ने संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प की मिसाल पेश करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर (एसआई) पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। गरीब किसान परिवार से आने वाली अंजलि पिछली कांस्टेबल भर्ती में दौड़ के दौरान मात्र 10 सेकेंड अधिक समय लगने से चयन से वंचित रह गई थीं, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपनी तैयारी और मजबूत की और आखिरकार एसआई भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर अपना सपना साकार कर लिया।
सुरसा थाना क्षेत्र के खुटेहना गांव निवासी अंजलि अनुसूचित जाति के किसान परिवार से हैं। उनके पिता राममूर्ति सीमित कृषि भूमि के साथ बटाई पर खेती कर किसी तरह दो बेटों और दो बेटियों के परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। अंजलि परिवार की सबसे बड़ी संतान हैं और बचपन से ही पुलिस सेवा में जाने का सपना देखती रही हैं। उनके पिता ने भी हर परिस्थिति में उनका उत्साह बढ़ाया।
अंजलि ने हरदोई शहर के आवास विकास क्षेत्र स्थित मंथन कोचिंग संस्थान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। वर्ष 2024 की उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती में उन्होंने लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी, लेकिन 2400 मीटर की दौड़ में मात्र 10 सेकेंड अधिक समय लगने के कारण अंतिम चयन नहीं हो सका। इस असफलता ने उन्हें निराश करने के बजाय और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने पूरे समर्पण और आत्मविश्वास के साथ तैयारी जारी रखी और वर्ष 2025 की उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने सपने को साकार कर लिया। अंजलि ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, परिवार और कोचिंग संस्थान के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी ईमानदारी से मेहनत की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
शैक्षणिक उपलब्धियों में भी अंजलि का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने वर्ष 2018 में दयानंद इंटर कॉलेज, सुरसा से हाईस्कूल 71 प्रतिशत तथा वर्ष 2020 में इंटरमीडिएट 73 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण किया। इसके बाद हरदोई के आर कन्या डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी कर पुलिस भर्ती की तैयारी में जुट गईं। अंजलि की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है जो असफलता के बाद निराश हो जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित