भरतपुर , अगस्त 26 -- राजस्थान में भरतपुर के मथुरागेट थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक एटीएम को एक कांस्टेबल ने न केवल लुटने से बचा लिया बल्कि दो बदमाशों को भी धर दबोचा।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि एमएसजे कालेज के सामने स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में दो बदमाश घुस गये और उसे खोलने का प्रयास करने लगे। उसी दौरान पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल उदयसिंह ने उन्हें देख लिया और दबे पांव आकर उसने अचानक एटीएम का शटर बंद कर दिया।
पुलिस ने बताया कि यह देखकर एटीएम बूथ में कैद हुए बदमाशों ने शटर खोलने के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन कांस्टेबल ने सूझबूझ का परिचय दिया औऱ शटर की लोहे की पट्टी पर खड़ा रहा जिसकी वजह से शटर खोलने के बदमाशों के प्रयास धरे रह गये।
इसी बीच कांस्टेबल ने फोन पर पुलिस से मदद मांगते हुए पुलिस जाप्ता बुलाया। पुलिस के आते ही एटीएम बूथ में कैद दोनों बदमाशों को धर दबोचा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित