लखनऊ , मार्च 15 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर रविवार को बहुजन समाज के महान नेता कांशीराम की 92वीं जयंती समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सादगी के साथ मनाई गई।

लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में सांसद आर.के. चौधरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा कि कांशीराम एक महान समाज सुधारक और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने बहुजन समाज को सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने 1971 में बामसेफ और 1984 में बहुजन समाज पार्टी की स्थापना कर दलित और वंचित समाज में आत्मसम्मान की भावना जगाई।

उन्होंने कहा कि कांशीराम और मुलायम सिंह यादव के बीच 1991 में हुए गठबंधन से प्रदेश की राजनीति में दलित और पिछड़े वर्गों के बीच नए संबंध बने और राज्य में साझा सरकार बनी। समाजवादी पार्टी ने कांशीराम को इटावा से लोकसभा पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित