पटना , अगस्त 01 -- ावन माह में बाबा धाम जाने वाले कांवरियों एवं आमजन को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की जन कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। विभाग की मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने शनिवार को कुढ़नी प्रखंड की चंद्रहटी पंचायत स्थित बायपास के समीप भूपनारायण इंटर कॉलेज परिसर में विभागीय प्रदर्शनी शिविर सह कांवरिया एवं श्रद्धालु विश्राम शिविर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मंत्री रमा निषाद ने कहा कि बिहार सरकार पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी शिविर के माध्यम से आमजन को छात्रवृत्ति, छात्रावास, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं अन्य विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी इनका लाभ उठा सकें।
सावन माह में बाबा धाम की यात्रा पर निकलने वाले कांवरियों और अन्य श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस विशेष शिविर में विश्राम की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, बैठने की समुचित सुविधा तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान राहत और आवश्यक सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम में विभागीय पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
उपस्थित लोगों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा श्रद्धालुओं की सेवा की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित