सहारनपुर , जुलाई 31 -- सहारनपुर में अपर पुलिस महानिदेशक (मेरठ जोन) भानु भास्कर ने श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान झांकियों और डीजे के संचालन को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी झांकियां एवं डीजे निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित कराए जाएं। उन्होंने अश्लील अथवा सांप्रदायिक गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने तथा डीजे एवं झांकियों के बीच किसी भी प्रकार की प्रतिस्पर्धा नहीं होने देने के निर्देश दिए।
मेरठ में आयोजित कांवड़ यात्रा ड्यूटी की समीक्षा गोष्ठी में मेरठ जोन के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस उपमहानिरीक्षक (सहारनपुर परिक्षेत्र) अभिषेक सिंह ने भी प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने सहारनपुर परिक्षेत्र में लागू सुपर जोन, जोन, सेक्टर एवं सब-सेक्टर व्यवस्था, कम्युनिकेशन प्लान तथा समन्वित ड्यूटी प्रणाली का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।
श्री सिंह ने बताया कि श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम संचालन के लिए सहारनपुर परिक्षेत्र के तीनों जनपदों को प्रभावी निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने हेतु सुपर जोन, जोन, सेक्टर एवं सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए एडीजी भानु भास्कर ने सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लगातार भ्रमणशील रहने तथा स्थानीय थाना, क्षेत्राधिकारी, उपजिलाधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सुपर जोन, जोन एवं सेक्टर स्तर पर निर्धारित कम्युनिकेशन नोड्स के माध्यम से सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक घंटे अधिकारियों की लोकेशन एवं ड्यूटी की समीक्षा की जाए, ताकि किसी भी घटना पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, विद्युत पोलों की प्लास्टिक टेप से कवरिंग, झूलते विद्युत तारों को हटाने, जलभराव एवं क्षतिग्रस्त मार्गों का तत्काल निस्तारण कराने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा चिकित्सा शिविरों, पेयजल, विद्युत एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण तथा संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
एडीजी ने कांवड़ शिविरों की सुरक्षा, महिला श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, अफवाहों का तत्काल खंडन, यातायात डायवर्जन का प्रभावी अनुपालन तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सूचना एवं रिस्पांस सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को पूर्ण निष्ठा, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए निर्देशित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित