हरिद्वार , अगस्त 05 -- उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को निर्बाध और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां अस्वस्थ होने या चोटिल होने वाले श्रद्धालुओं का तत्काल निशुल्क उपचार किया जा रहा है।

बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के सातवें दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में 21,596 शिवभक्तों का उपचार किया गया। इसके साथ ही यात्रा प्रारंभ होने से अब तक 87,567 श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। सभी शिविरों में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक दवाइयों और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि इस बार कांवड़ यात्रा में पहली बार पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट भी तैनात की गई हैं। ये मोबाइल यूनिट कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण कर जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं, जिससे आपात स्थिति में तत्काल उपचार संभव हो पा रहा है।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, समय-समय पर विश्राम करने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

जिला प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं और सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित