सहारनपुर , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। कांवड़ मार्गों पर स्ट्रीट लाइट और जनरेटर की व्यवस्था के साथ ही खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशानुसार जिले के संपूर्ण कांवड़ मार्ग को तीन मुख्य मार्गों में विभाजित किया गया है। पूरे कांवड़ क्षेत्र को तीन सुपर जोन, 11 जोन और 23 सेक्टर में बांटा गया है। इसके लिए तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 11 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 23 सेक्टरों में आठ-आठ घंटे की तीन पालियों में कुल 69 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
प्रशासन ने आवश्यक सूचनाओं के आदान-प्रदान और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए चार कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। इन कंट्रोल रूमों में 24 घंटे संचालन के लिए तीन पालियों में कुल 54 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले लगभग 148 ढाबों, रेस्टोरेंटों और होटलों को चिन्हित कर वहां फूड सेफ्टी कनेक्ट एप की जानकारी तथा खाद्य पदार्थों की रेट सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
जिले के 12 प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 14 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके अलावा नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों द्वारा कांवड़ मार्गों पर पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था की गई है। इनकी नियमित साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।
जिला प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित