फिरोजाबाद , अगस्त 1 -- सावन माह की कांवड़ यात्रा को लेकर फिरोजाबाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। आगरा मंडल के आयुक्त (कमिश्नर) नागेंद्र प्रताप सिंह और डीआईजी शैलेश पांडे ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर अधिकारियों को यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कमिश्नर और डीआईजी ने टूंडला पहुंचकर कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, रूट डायवर्जन तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई सुविधाओं की जानकारी ली।

मंडलीय अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा यात्रा को सुगम, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे पहले ही जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दे चुके हैं।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने रूट चार्ट जारी कर कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर वाहनों की गति नियंत्रित रखने के लिए इंटरसेप्टर वाहनों में आधुनिक स्पीड डिटेक्शन उपकरण लगाए गए हैं। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित