अमरोहा , अगस्त 07 -- श्रावण मास में महाशिवरात्रि के मुख्य पर्व पर कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के अमरोहा में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए भारी वाहनों का डायवर्जन और एकल मार्ग व्यवस्था लागू की गई है। अत्यधिक यातायात दबाव की स्थिति में पूरे हाईवे पर जीरो ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चल रहे श्रावण मास में 11 अगस्त को महाशिवरात्रि का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली और बदायूं समेत विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री बृजघाट पहुंचकर गंगा जल भरते हैं। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए यातायात का यह विशेष प्रबंध किया गया है।

उन्होंने बताया कि यूपी रोडवेज और निजी बसों के साथ ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत भारी व्यावसायिक वाहनों का डायवर्जन 11 अगस्त की रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगा। कार, जीप और पिकअप जैसे छोटे वाहनों का डायवर्जन नौ अगस्त सुबह आठ बजे से 11 अगस्त रात आठ बजे तक लागू रहेगा।

मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाला मार्ग कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा, जबकि विपरीत दिशा में छोटे वाहनों के संचालन के लिए अलग व्यवस्था की गई है। यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ने पर पूरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जीरो ट्रैफिक प्लान लागू कर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह नियंत्रित की जाएगी।

डायवर्जन योजना के तहत बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, संभल और बिजनौर से दिल्ली-गाजियाबाद जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बहजोई, गंगा एक्सप्रेसवे, खडलिया कट, सिंभावली और हापुड़ के वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।

अमरोहा, गजरौला, धनौरा और हसनपुर क्षेत्र से आने वाले यातायात को अतरासी, हसनपुर, मंगरौला-गंवा रोड और गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते निकाला जाएगा। वहीं दिल्ली-गाजियाबाद से बरेली-लखनऊ तथा मेरठ से मुरादाबाद-बरेली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

अमरोहा नगर से मुरादाबाद जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को टीपी नगर तिराहा, गांधी मूर्ति, नंदन स्वीट्स, माया धर्मकांटा और कैलसा चौराहा होते हुए निकाला जाएगा। दिल्ली और मेरठ की ओर जाने वाले छोटे वाहनों के लिए अतरासी और अटल चौक से वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार नौ से 11 अगस्त के अलावा 16 और 23 अगस्त को भी रविवार शाम पांच बजे से सोमवार शाम पांच बजे तक संबंधित मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी प्रमुख डायवर्जन प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरियर, रिफ्लेक्टर और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं। एंबुलेंस तथा अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए निर्बाध आवागमन की व्यवस्था रखी गई है।

अधिकारियों ने अवैध पार्किंग को तत्काल हटाने तथा हाईवे और प्रमुख संपर्क मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित