हरिद्वार , अगस्त 13 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 को सकुशल संपन्न कराने में बहादराबाद क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विशेष पुलिस अधिकारियों के सम्मान में गुरुवार को कोतवाली बहादराबाद में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस आयुक्त यातायात/अपराध निशा यादव ने ड्यूटी के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवाभाव का परिचय देने वाले स्पेशल पुलिस अधिकारी (एसपीओ) को सम्मानित किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ मेले जैसे विशाल आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में एसपीओ की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। एसपीओ ने पुलिस बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा शिवभक्तों की सहायता में सराहनीय योगदान दिया।

अधिकारियों ने एसपीओ के सेवा भाव और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से मेला व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिली। सम्मान प्राप्त करने वाले एसपीओ ने भी पुलिस विभाग का आभार जताया और भविष्य में इसी तरह सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित