हरिद्वार , जुलाई 20 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को जिले के विभिन्न कांवड़ मार्गों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के तहत गठित तीन टीमों ने कुल 43 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और बिना खाद्य लाइसेंस संचालित पाए गए नौ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि दही, दूध, खाद्य तेल, सरसों का तेल, चॉकलेट और बेवरेज सहित छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर बहादराबाद-धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग, भूपतवाला तथा भगवानपुर-गागलहेड़ी मार्ग पर स्थित स्थायी और अस्थायी ढाबों, भोजनालयों, रेस्तरां, होटलों तथा खाद्य स्टॉलों का निरीक्षण किया गया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महीमनन्द जोशी के नेतृत्व में पहली टीम ने बहादराबाद से धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग पर 16 प्रतिष्ठानों की जांच की। इनमें नौ प्रतिष्ठानों के पास खाद्य लाइसेंस एवं आवश्यक अभिलेख नहीं पाए गए। विभाग ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर खाद्य लाइसेंस बनवाकर प्रतिष्ठान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही रेट सूची प्रदर्शित करने, बासी भोजन का विक्रय नहीं करने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान दही, दूध और खाद्य तेल के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टट्टा के नेतृत्व में दूसरी टीम ने भूपतवाला क्षेत्र के 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सभी प्रतिष्ठानों में खाद्य लाइसेंस एवं खाद्य सुरक्षा सूचना बोर्ड प्रदर्शित पाए गए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में तीसरी टीम ने भगवानपुर से गागलहेड़ी तक 17 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जहां सभी प्रतिष्ठान निर्धारित मानकों के अनुरूप मिले।
इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने रुड़की तहसील क्षेत्र के कांवड़ पटरी मार्ग स्थित प्रतिष्ठानों से सरसों का तेल, चॉकलेट और बेवरेज के तीन नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेले के दौरान निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित