हरिद्वार , अगस्त 11 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में कांवड़ मेला-2026 के सकुशल सम्पन्न होने के बाद 12 से 18 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित होने वाले अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में मंगलवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई।

सीडीओ ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान गंगा घाटों, कांवड़ यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा एकत्र हुआ है। अभियान के दौरान इन स्थानों की विशेष सफाई के साथ कूड़े का उचित निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत एवं ग्राम पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। कांवड़ मार्गों, घाटों, पार्किंग स्थलों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी के साथ सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित