हरिद्वार , जुलाई 25 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ और व्यापक यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार को जारी आदेश मे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनज़र जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक शैक्षणिक अवकाश घोषित कर दिया है।
इस संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी द्वारा आज जारी आदेश में कहा गया है कि कांवड़ मेले के दौरान प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के आगमन के कारण प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन एवं कई स्थानों पर मार्ग बंद रहने की व्यवस्था लागू रहेगी। मेले की चरम अवधि में छात्र-छात्राओं के विद्यालय आने-जाने में संभावित कठिनाइयों और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवकाश अवधि के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन माध्यम से नियमित शिक्षण कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शैक्षणिक गतिविधियां निर्बाध रूप से जारी रह सकें।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित