हरिद्वार , अगस्त 3 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर सोमवार को पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने यहां पहुंचकर मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

पुलिस महानिदेशक (आईजी-एसटीएफ) निलेश आनंद भरणे एवं उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कानून एवं व्यवस्था धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार तथा अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ी सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें फल एवं फलाहार वितरित किया तथा सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी निगरानी प्रणाली के माध्यम से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने मेला कंट्रोल रूम में सुपर जोनल एवं जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन किया। बैठक में सुरक्षा, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर चर्चा करते हुए आगामी दिनों के लिए रणनीति तैयार की गई।

आईजी एसटीएफ ने निर्देश दिए कि जैसे-जैसे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी छोटी-बड़ी घटना का तत्काल मौके पर पहुंचकर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को 24 घंटे सक्रिय रहने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बताया गया कि प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में सक्षम पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा पुलिस मुख्यालय स्तर से भी मेले की लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी एसएसपी हरिद्वार एवं कांवड़ मेला नोडल अधिकारी को दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित