हरिद्वार , जुलाई 13 -- उत्तराखंड में आगामी कांवड़ मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया और सभी व्यवस्थाएं मेला शुरू होने से पहले हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

समीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस, अग्निशमन, खाद्य सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति तथा आपदा प्रबंधन सहित मेला क्षेत्र की सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और भोजनालयों में खाद्य पदार्थों एवं सेवाओं की रेट लिस्ट प्रमुख स्थान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं से निर्धारित दर से अधिक कीमत न वसूली जाए।

उन्होंने सिंचाई विभाग एवं जिला पंचायत के अधिकारियों को कांवड़ पटरी मार्गों और अन्य सड़कों के गड्ढों का तत्काल भराव कराने तथा मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के संबंधित अधिकारियों को मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी घाटों की मरम्मत, सुरक्षा चेन की स्थापना एवं अन्य सुरक्षा संबंधी कार्य पूर्ण करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान एवं आवागमन की सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कमियों का तत्काल निराकरण करने तथा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले का आयोजन पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के अनुरूप होना चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चंद, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी रवींद्र भंडारी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, स्वजल नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ब्लॉक एवं तहसील मुख्यालयों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित