टिहरी , जुलाई, 20 -- त्तराखंड के टिहरी में आगामी 30 जुलाई से 10 अगस्त तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की उपस्थिति में आयोजित बैठक में सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूरी करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि हर वर्ष कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। इसे देखते हुए चंद्रभागा और खारास्रोत पार्किंग स्थलों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर निर्धारित शुल्क सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने तथा पार्किंग पर्ची पर स्थल का नाम और संपर्क नंबर अंकित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुनिकीरेती-तपोवन क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए देहरादून पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आईडीपीएल सहित अन्य वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में राम झूला बंद रहने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को दोनों जनपदों के व्यापार मंडलों के साथ समन्वय बैठक कर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए। जानकी सेतु और बजरंग सेतु को वन-वे मार्ग के रूप में संचालित करने के लिए समय रहते व्यू-कटर लगाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग एवं नगर निकायों को सभी विद्युत पोल, स्ट्रीट लाइट और अन्य संरचनाओं की सुरक्षा जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा ट्रांसफार्मरों और टावरों की बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने और सुरक्षा उपकरणों की जांच करने, जबकि वन विभाग को मार्गों पर बाधा बनने वाले पेड़ों की लॉपिंग-चॉपिंग कराने तथा नीर वाटर फॉल को बंद रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला पूर्ति अधिकारी को होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट का नियमित निरीक्षण करने तथा रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान चलाने और अग्निशमन विभाग को सभी उपकरण पूर्णतः क्रियाशील रखने के लिए कहा गया। देवप्रयाग संगम और कीर्तिनगर क्षेत्र में भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित