हरिद्वार , अगस्त 05 -- उत्तराखंड में कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को तेज गति देने के लिए मेला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली है।

मेलाधिकारी सोनिका ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मेले के समापन के साथ ही निर्माण परियोजनाओं पर युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मेलाधिकारी ने कुंभ मेला क्षेत्र में चल रही अवस्थापना विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा सभी प्रमुख परियोजनाओं की नियमित थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच भी कराई जाएगी।

बैठक में बताया गया कि कुंभ-2027 के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पांच नए पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। मेलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को इन पुलों का निर्माण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि सभी पुलों की गुणवत्ता का परीक्षण आईआईटी रुड़की से कराया जाएगा। तकनीकी सेल के अधिकारियों को स्टील स्ट्रक्चर निर्माण कार्यों का वर्कशॉप स्तर पर निरीक्षण कर गुणवत्ता की सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

समीक्षा बैठक में बस अड्डों और पार्किंग स्थलों के निर्माण, प्रमुख चौराहों के चौड़ीकरण एवं सुधार, फुटपाथ और पैदल मार्गों के विकास, फसाड लाइटिंग तथा शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़ी परियोजनाओं में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। निर्देश दिए गए कि वर्षाकाल समाप्त होते ही कुंभ शिविरों के लिए चिन्हित भूमि की सफाई और समतलीकरण का कार्य तत्काल शुरू किया जाए।

मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला मद से स्वीकृत सड़कों, पुलों, घाटों और अन्य विकास कार्यों के साथ व्यापक पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों और पुलों के किनारों से अतिक्रमण तत्काल हटाने को कहा और चेतावनी दी कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो संबंधित कार्यदायी संस्था का भुगतान रोक दिया जाएगा।

बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पर भी चर्चा हुई। मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित कर समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि कुंभ-2027 की तैयारियों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, वित्त नियंत्रक लखेन्द्र गौंथियाल, तकनीकी सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित