हरिद्वार , जुलाई 14 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

मंगलवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मेला क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से जुड़े सभी निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्य 25 जुलाई तक हर हाल में पूरे कर लिए जायें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर और नमामि गंगे घाट सहित प्रमुख स्थलों का दौरा किया। इस दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त होना चाहिए। जहां भी सड़क मरम्मत या निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।

जिलाधिकारी ने भीड़ और यातायात प्रबंधन को मेले की सफलता का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष बताते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, डायवर्जन और सूचना संकेतक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान सीवर लाइन और रिंग रोड परियोजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के कारण कांवड़ यात्रा मार्ग कहीं भी बाधित न हो। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग और व्यवस्थाएं भी समय रहते तैयार रखने को कहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित