पौड़ी , अगस्त, 13 -- उत्तराखंड में पौड़ी के नीलकंठ धाम में कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद स्वच्छता को लेकर जिला प्रशासन ने गुरुवार को व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में चलाए गए अभियान में मंदिर परिसर से लेकर पैदल मार्ग, पार्किंग स्थल, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई की गई। अभियान में प्रशासनिक अमले के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, मंदिर समिति, टैक्सी यूनियन और स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान कर सहभागिता निभाई।

सुबह नौ बजे शुरू हुए अभियान के दौरान कांवड़ यात्रा के कारण विभिन्न स्थानों पर जमा कूड़ा-कचरा हटाया गया। अस्थायी शिविरों, विश्राम स्थलों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास भी विशेष सफाई कराई गई। एकत्रित अपशिष्ट को निर्धारित व्यवस्था के तहत निस्तारित किया गया। प्रशासन का उद्देश्य यात्रा के बाद नीलकंठ क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित करने के साथ धार्मिक स्थल की गरिमा और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को बरकरार रखना रहा।

अभियान में जिला पंचायत के स्वच्छता कर्मियों एवं कर्मचारियों के अलावा व्यापार मंडल, मंदिर समिति और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी की। यमकेश्वर की ज्येष्ठ प्रमुख स्वाति देवी, ग्राम प्रधान तोली उषा देवी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, दुकानदारों और नागरिकों ने भी सफाई अभियान में श्रमदान किया।

उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने कहा कि नीलकंठ धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल भी है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमित सफाई, कूड़ा उठान और अपशिष्ट निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निरंतर सहयोग की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित