चंडीगढ़ , सितंबर 15 -- आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट के दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि पंजाब में वोट मांगने से पहले कांग्रेस को 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।
श्री पन्नू ने कहा कि श्री पायलट का पंजाब में स्वागत है लेकिन कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर उसकी भूमिका क्या रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक ऐसे नेताओं को राजनीतिक संरक्षण दिया, जिन पर 1984 के दंगों में भूमिका के आरोप लगे थे।
आप नेता ने कांग्रेस से सवाल किया कि उसने श्री सज्जन कुमार और श्री कमलनाथ जैसे नेताओं को लेकर क्या रुख अपनाया और सिख समुदाय से जुड़े इन गंभीर सवालों का जवाब आज तक स्पष्ट रूप से क्यों नहीं दिया। उन्होंने कहा कि 1984 की घटनाओं के घाव आज भी सिख समुदाय की स्मृति में मौजूद हैं और कांग्रेस को पंजाब में चुनावी समर्थन मांगने से पहले इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
श्री पन्नू ने आरोप लगाया कि दिल्ली में सिखों के खिलाफ हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि 1984 की घटनाओं के लिए जिम्मेदारी तय करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उसने क्या कदम उठाए। उन्होंने सचिन पायलट पर राजनीतिक तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की पंजाब इकाई की मौजूदा स्थिति को देखते हुए पार्टी ने डूबती नाव को संभालने के लिए अब 'पायलट' को मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता वोट देने से पहले कांग्रेस से 1984 सहित उसके पुराने राजनीतिक फैसलों और कथित संरक्षण की राजनीति पर जवाब मांगेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित