मंचेरियल , जून 13 -- तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और आध्यात्मिकता को समान महत्व दे रही है और उसने राज्य भर में मंदिरों के विकास के लिए 2,216 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं।

मंचेरियल के गुडेमगुट्टा में श्री सत्यनारायण स्वामी मंदिर में विकास कार्यों का शिलान्यास करने के बाद श्री भट्टी ने घोषणा की कि लगभग 70 करोड़ रुपये के निवेश से इस मंदिर को एक प्रमुख आध्यात्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने आगामी गोदावरी पुष्करालु के लिए भी 1,000 करोड़ रुपये मंजूर किये हैं, ताकि श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी ढांचा और स्नान घाट बनाये जा सकें। इसके अतिरिक्त बासरा से भद्राचलम तक प्रस्तावित आध्यात्मिक गलियारे के साथ तीर्थ स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 802 करोड़ रुपये निर्धारित किये गये हैं।

आध्यात्मिकता और जन कल्याण दोनों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर उन्होंने कहा कि धार्मिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए भी भारी निवेश किया जा रहा है। उन्होंने गुडेमगुट्टा क्षेत्र में एक लिफ्ट सिंचाई परियोजना के लिए 74 करोड़ रुपये की घोषणा भी की और कहा कि इस पहल से किसानों को सहायता मिलेगी और क्षेत्र का कृषि क्षेत्र मजबूत होगा।

उप मुख्यमंत्री ने निर्वाचन क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, सिंचाई और आध्यात्मिक बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में प्रयासों के लिए स्थानीय विधायक प्रेम सागर राव की सराहना की। मंदिर के विकास कार्य तेजी से पूरे होने का विश्वास जताते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से भविष्य में होने वाले उद्घाटन समारोहों में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित