चंडीगढ़ , जुलाई 15 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस बयान को सिरे से खारिज किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि कांग्रेस सत्ता में आने पर पंजाब में चल रही मुफ्त जनकल्याण योजनाओं को बंद कर देगी।
होशियारपुर में बुधवार को मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि अपनी "डूबती राजनीतिक नाव" को बचाने के लिए मुख्यमंत्री असत्य बोल रहे हैं और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुफ्त योजनाओं की शुरुआत आम आदमी पार्टी ने नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार ने की थी। कांग्रेस सरकार ने ही सबसे पहले 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की योजना लागू की थी और लोगों के बिजली बिलों का बकाया भी माफ किया था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने केवल उन्हीं योजनाओं को नए रूप में पेश किया है।
राजा वड़िंग ने सवाल उठाया कि जिन योजनाओं की शुरुआत कांग्रेस ने खुद की थी, सत्ता में आने पर कांग्रेस उन्हें बंद क्यों करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों के मन में अनावश्यक डर पैदा कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि कांग्रेस शासित तेलंगाना और कर्नाटक में सरकार बनने के कुछ ही महीनों के भीतर महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता देना शुरू कर दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि इन राज्यों में महिलाओं को 2,000 रुपये और 2,500 रुपये प्रति माह की सहायता दी जा रही है, जो पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा शुरू की गयी सहायता राशि से अधिक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार ने साढ़े चार साल तक महिलाओं से किया गया वादा पूरा नहीं किया और अब चुनाव नजदीक आने पर योजनाओं की घोषणा कर रही है। झूठ बोलना आम आदमी पार्टी की राजनीति का हिस्सा बन चुका है और मुख्यमंत्री अपनी गिरती राजनीतिक स्थिति को संभालने के लिए भ्रामक बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि चाहे मुख्यमंत्री कितना भी झूठ बोल लें, इससे उनकी "डूबती नाव" नहीं बचने वाली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित