जयपुर , जुलाई 24 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजस्थान प्रभारी एवं सांसद डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस को युवाओं के भविष्य की वास्तविक चिंता नहीं है और वह केवल युवाओं की भावना को भड़काकर राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है। डॉ अग्रवाल ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि भाजपा संसद में पेपर लीक जैसे गंभीर विषय पर खुली और सार्थक चर्चा चाहती है, लेकिन कांग्रेस और विपक्षी दल सदन की कार्रवाई बाधित करके लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों ने संसद के मुख्य द्वार पर कांग्रेस द्वारा लगातार सदन नहीं चलने देने के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भाजपा पेपर लीक के मुद्दे पर व्यापक चर्चा और दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई के पक्ष में है, जबकि विपक्ष चर्चासे बच रहा है।
उन्होंने कहा कि जब इस मुद्दे का लोकतांत्रिक समाधान निकलने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं, तब कांग्रेस बौखलाहट में संसद की कार्यवाही बाधित कर रही है।
उन्होंने राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जब वह शिक्षा मंत्री थे, तब रीट परीक्षा का पेपर लीक हुआ था। उस समय उनके इस्तीफे की मांग उठी, लेकिन उन्होंने यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया था कि परीक्षा अधिकारी कराते हैं। आश्चर्य है कि अब वही डोटासरा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, जो उनके दोहरे मापदंड को दर्शाता है।
डॉ अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी सवाल किया कि यदि वह केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, तो क्या उन्होंने रीट पेपर लीक प्रकरण में तत्कालीन शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा को मंत्रिमंडल से हटाया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल की जवाबदेही तय करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को नैतिकता का पाठ पढ़ाने से पहले अपने शासनकाल के निर्णयों और जवाबदेही पर आत्ममंथन करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित