रायपुर , सितंबर 12 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस के तीन नेता कोको पाढ़ी, नरेश ठाकुर और दीपक मिश्रा को पार्टी में राष्ट्रीय सचिव पद के चयन की प्रक्रिया के तहत दिल्ली बुलाया गया है। तीनों नेताओं का राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से साक्षात्कार लिया जा रहा है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारियों के लिए चल रही इस प्रक्रिया में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका है।

छत्तीसगढ़ से तीन नेताओं को चयन प्रक्रिया में शामिल किए जाने को प्रदेश कांग्रेस के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कोको पाढ़ी, नरेश ठाकुर और दीपक मिश्रा के पास युवा कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस और राष्ट्रीय संगठन में काम करने का अनुभव है। हालांकि राष्ट्रीय सचिव पद के लिए अभी इनमें से किसी नेता की नियुक्ति तय नहीं हुई है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किसे राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित