वाराणसी , अक्टूबर 12 -- दिल्ली में महिला पुलिसकर्मी के साथ राहुल गांधी द्वारा कथित अभद्रता और जेएनयू में 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को वाराणसी में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मैदागिन स्थित कांग्रेस महानगर कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी 'नारी शक्ति हुंकार आंदोलन' के तहत महिला कार्यकर्ता लहुराबीर स्थित आजाद पार्क में एकत्र हुईं। वहां से जुलूस निकालकर मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की और कार्यालय के सामने राहुल गांधी के लिए चूड़ियां रखकर विरोध जताया।

भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनीता राजेश सिंह और महानगर अध्यक्ष पूजा दीक्षित ने आरोप लगाया कि जेएनयू की आंतरिक समिति की जांच के बाद 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों के मामले में कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें पार्टी से निष्कासित नहीं किया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान के सवाल पर पार्टी का विरोध जारी रहेगा।

प्रदर्शन में नम्रता चौरसिया, साधना वेदांती, प्रमील पांडेय, विकास बागी, सौम्य मल्होत्रा, सोनाली सिंह और शिवानी सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं महिला कार्यकर्ता शामिल रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित