देवरिया , सितंबर 28 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया के जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी ने सोमवार को यहां जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

श्री तिवारी ने कहा कि कांग्रेस को मीडिया में प्रकाशित एक रिपोर्ट का सहारा लेकर भ्रम पैदा करने के बजाय अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक कमजोरियों पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की रिपोर्टों के आधार पर राजनीति करने से कांग्रेस की समस्याओं का समाधान नहीं होने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार मिल रही चुनावी हार से बौखलाई हुई कांग्रेस अपनी राजनीतिक नाकामियों को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। यह कांग्रेस की पुरानी रणनीति है।

श्री तिवारी ने कहा कि जब भी कांग्रेस चुनाव हारती है। तब वह चुनाव आयोग, ईवीएम सहित अन्य लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास करती है। बिना किसी ठोस तथ्य और प्रमाण के इस तरह के आरोप लगाना लोकतंत्र का अपमान है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की इस नकारात्मक और हताशा भरी राजनीति को भली-भांति समझती है। कांग्रेस को लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए। लोकतांत्रिक संस्थाओं पर निराधार आरोप लगाने से लोकतंत्र कमजोर होता है।जिसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ जनता के बीच रहकर विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। जबकि कांग्रेस केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। जनता इसका जवाब हर चुनाव में दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित