बारां , जून 16 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर दिये गये बयान की आलोचना करतेहुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बारां में जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने मंगलवार को कहा कि संघ करीब एक शताब्दी से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सेवा और सांस्कृतिक जागरण के कार्यों में सक्रिय है।
श्री सिकरवार ने यहां कहा कि आपदा, महामारी और अन्य संकटों के दौरान संघ कार्यकर्ताओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्य किये हैं। ऐसे संगठन पर राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संघ पर सवाल उठाने से पहले अपने इतिहास का आत्ममंथन करना चाहिए। आपातकाल के दौरान संविधान और लोकतंत्र को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया गया था और कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और वोट बैंक की राजनीति करने का रहा है। भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने कहा कि संघ को संविधान का पाठ पढ़ाने से पहले कांग्रेस को अपने नेताओं के उन बयानों पर जवाब देना चाहिए, जिनमें सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाये गये हैं।
भाजपा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण और विभाजनकारी राजनीति के माध्यम से समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास करती रही है, जबकि भाजपा और संघ सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्रहित में कार्य कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित