हैदराबाद , अप्रैल 16 -- तेलंगाना प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने गुरुवार को कांग्रेस पर परिसीमन के मुद्दे पर उत्तर और दक्षिण भारत के बीच विभाजन पैदा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया और दावा किया कि वह राजनैतिक लाभ के लिये जनता को गुमराह कर रहा है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री राव ने कहा कि तेलंगाना में वर्तमान में लोकसभा की 17 सीटें हैं और उन्होंने उन दावों को खारिज कर दिया कि परिसीमन प्रक्रिया से दक्षिणी राज्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के तर्क कांग्रेस फैला रही है और ये "झूठा प्रचार" हैं। भाजपा नेता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की महिला आरक्षण और परिसीमन पर उनके "विरोधाभासी बयानों" के लिये आलोचना की। उन्होंने उल्लेख किया कि राहुल गांधी ने पहले दोनों मुद्दों का समर्थन किया था, लेकिन अब उनके कार्यान्वयन का विरोध कर रहे हैं।
श्री राव ने कहा कि दक्षिणी राज्यों में परिवार नियोजन के कारण जनसंख्या के रुझानों का दुरुपयोग विभाजन पैदा करने के लिये नहीं किया जाना चाहिये और उन्होंने स्पष्ट किया कि संसदीय सीटों में वृद्धि पूरे देश में संतुलित तरीके से की जायेगी। उन्होंने इस तर्क को भी खारिज कर दिया कि सकल राज्य घरेलू उत्पाद जैसे आर्थिक संकेतकों के आधार पर परिसीमन उचित है। कांग्रेस पर क्षेत्रों के बीच शत्रुता पैदा करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुये उन्होंने कहा कि इस तरह की रणनीति विशेष रूप से एक राष्ट्रीय दल के लिये अस्वीकार्य है। उन्होंने टिप्पणी की, "दक्षिण के लोग जागरूक हैं और ऐसे जाल में नहीं फंसेंगे।"भाजपा प्रमुख ने राज्य सरकार द्वारा करवाई गयी जाति जनगणना की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाया और दावा किया कि कई क्षेत्रों में इसे ठीक से नहीं किया गया। उन्होंने आगे "एक राष्ट्र, एक चुनाव" की अवधारणा का समर्थन किया और कहा कि बार-बार होने वाले चुनावों का कांग्रेस जैसे दल चुनावी लाभ के लिये राजनीतिकरण कर रहे हैं।
श्री राव ने दोहराया कि महिला आरक्षण विधेयक से किसी भी क्षेत्र को नुकसान नहीं होगा और कहा कि इसके कार्यान्वयन से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी मजबूत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित