प्रताप गढ़ , सितंबर 06 -- राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनोज पटेल ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने और सत्ता का विकेंद्रीकरण करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने गांव की सरकार को मजबूत करने का सपना देखा था, जिसे कांग्रेस ने 73वें और 74वें संविधान संशोधन के माध्यम से साकार किया। आज आवश्यकता है कि ग्राम पंचायतों को अधिकार, संसाधन और पर्याप्त स्वायत्तता मिले। संगठन गांव-गांव जाकर पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगा।

श्री मनोज सिंह पटेल रविवार को उत्तर प्रदेश में जिला कांग्रेस पार्टी कार्यालय प्रताप गढ़ में अपने सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। समारोह का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डाक्टर नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया था ,विशिष्ट अतिथि के रूप में कौशांबी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गौरव पांडेय ने कहा कि कांग्रेस का मूल विचार गांव, गरीब और आम आदमी को लोकतंत्र की मुख्यधारा में मजबूत भागीदारी देना है।

प्रताप गढ़ के कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ नीरज त्रिपाठी ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था लोकतंत्र की सबसे मजबूत बुनियाद है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर और आम जनता की आवाज को पंचायत स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक मजबूती से उठाया जाए।

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश सरोज ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मनोज पटेल के प्रतापगढ़ आगमन से संगठन के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। संगठन जिले की सभी ग्राम पंचायतों तक पहुंच बनाकर पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित