बैतूल , अगस्त 22 -- कांग्रेस ने संगठन को बूथ से लेकर जिला स्तर तक सक्रिय करने के लिए अब जवाबदेही और अनुशासन को अपनी नई रणनीति का आधार बनाने के संकेत दिए हैं।
पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस की सह-प्रभारी उषा नायडू के 21 अगस्त के बैतूल प्रवास में संगठन की कार्यशैली, पदाधिकारियों की सक्रियता और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर कई अहम निर्देश दिये गये।
जिला कार्यकारिणी की बैठक में उषा नायडू ने स्पष्ट किया कि लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाएगा। साथ ही जिला पदाधिकारियों और प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में हर महीने बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। पंचायत, वार्ड, मंडल और ब्लॉक स्तर तक संगठन को नियमित रूप से सक्रिय रखने पर जोर दिया गया।
कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं की क्षमता और विशेषज्ञता के अनुसार जिम्मेदारी तय करने के लिए सोशल प्रोफाइलिंग को भी रणनीति का हिस्सा बनाया है। पार्टी का मानना है कि कार्यकर्ताओं की रुचि और दक्षता के अनुरूप जिम्मेदारी मिलने से बूथ स्तर का संगठन अधिक प्रभावी होगा।
जिला कांग्रेस प्रभारी सुनील उइके ने आगामी चुनावों को क्रिकेट के उदाहरण से समझाते हुए कहा कि 2027 के पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव सेमीफाइनल, जबकि 2028 का विधानसभा चुनाव फाइनल होगा। उन्होंने कहा कि प्रभारियों की नियुक्ति का मकसद केवल पद बांटना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान और संगठन की गतिविधियों को लगातार संचालित करना है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने बताया कि 51 सदस्यीय जिला कमेटी के गठन के साथ करीब 24 हजार कार्यकर्ताओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश चुनाव के समय सक्रिय होने के बजाय कार्यकर्ताओं को पूरे समय जनता के बीच सक्रिय रखने की है।
प्रदेश कांग्रेस संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी की जवाबदेही तय होगी और बूथवार संगठन की गतिविधियों की लगातार निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और शीर्ष नेतृत्व की मेहनत का लाभ जमीन तक तभी पहुंचेगा, जब स्थानीय संगठन पूरी सक्रियता से काम करेगा।
उषा नायडू ने शाहपुर में ब्लॉक, नगर, मंडल और पंचायत कमेटियों की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ-2 और वार्ड अध्यक्षों की सक्रियता की जानकारी ली। इसके बाद महदगांव में ग्रामीण कार्यकर्ताओं से संवाद कर पंचायत स्तर की संगठनात्मक स्थिति जानी। जिला मुख्यालय पर कार्यकारिणी की बैठक के साथ उनका प्रवास समाप्त हुआ।
बैठक में पूर्व विधायक धर्मूसिंह सिरसाम सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, महासचिव, सचिव, प्रवक्ता, सोशल मीडिया प्रभारी और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित