नयी दिल्ली , अक्टूबर 23 -- कांग्रेस ने आगामी एक नवंबर को यहां रामलीला मैदान पर होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली की तैयारियां तेज कर दी हैं।

कांग्रेस महासचिव(संगठन) केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में महारैली के लिए तैयारियों पर चर्चा की।

श्री वेणुगोपाल ने बताया कि बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इसके बाद हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ भी बैठक कर रैली की तैयारियों की समीक्षा की गयी।

उन्होंने कहा कि महारैली वोट चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का निर्णायक पड़ाव होगी। उन्होंने दावा किया कि देशभर से लोगों को जुटाने के लिए चलाया जा रहा 'दिल्ली चलो मार्च' एक नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेगा और इसमें कम से कम 10 लाख नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए देशभर में यह संदेश दिया जायेगा कि विपक्षी दल लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट हैं और कथित वोट चोरी में शामिल लोगों को सत्ता से बाहर करने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित