देवरिया , अक्टूबर 23 -- कांग्रेस के वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने यहां शुक्रवार को मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए एसआईआर को रद्द करने की मांग की।
पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री भारद्वाज ने कहा कि चुनाव आयोग के आंकड़ों के आधार पर 10 करोड़ से अधिक नागरिकों के मताधिकार पर खतरे की आशंका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियां बेहद गंभीर हैं। 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव से पहले मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर सकती है। एसआईआर के नाम पर पात्र मतदाताओं, विशेषकर गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, प्रवासी मजदूर और कमजोर वर्गों के नाम हटाए जाने की आशंका लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।
श्री भारद्वाज ने पीलीभीत के चार विधानसभा क्षेत्रों - पीलीभीत, बरखेड़ा, पूरनपुर और बीसलपुर में मतदाता सूचियों की गहन जांच और पूरे प्रदेश में मतदाता सूचियों के पारदर्शी सत्यापन की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तीन मांगें रखी हैं जिसमें विवादित एसआईआर प्रक्रिया तत्काल रद्द की जाए, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और गलत तरीके से हटाए गए मतदाताओं के नाम बहाल कर फार्म-6 व फार्म-7 के दुरुपयोग की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में जनादेश के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित