रायपुर , जून 20 -- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने बिजली दरों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर व्यवस्था तथा बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं को लेकर शनिवार को पोस्टर अभियान की शुरुआत की।

पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने विभिन्न नारों वाले पोस्टरों का विमोचन करते हुए राज्य सरकार पर बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली दरों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर के कारण कथित रूप से बढ़े हुए बिल, लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले लागू बिजली बिल हाफ योजना के तहत मिलने वाली राहत समाप्त होने से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जारी पोस्टरों में बिजली संबंधी मुद्दों को लेकर विभिन्न नारे लिखे गए हैं। इन पोस्टरों को राजधानी रायपुर सहित विभिन्न शहरों में बिजली कार्यालयों के बाहर लगाने की योजना है।

कांग्रेस नेता ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल समाप्त करने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान बिजली बिल हाफ योजना से लोगों को आर्थिक लाभ मिला था।

श्री उपाध्याय ने चेतावनी दी कि यदि बिजली संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक करेगी। उन्होंने आम जनता से भी बिजली संबंधी समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष में शामिल होने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित