चंडीगढ़ , जुलाई 06 -- पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति ने घनौर के पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
समिति के अध्यक्ष अवतार हेनरी की ओर से सोमवार को जारी नोटिस में कहा गया है कि पार्टी को जलालपुर के खिलाफ एक शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस हाईकमान तथा वरिष्ठ नेताओं के.सी. वेणुगोपाल और भूपेश बघेल के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। नोटिस के साथ संबंधित मीडिया बातचीत की वीडियो भी संलग्न किए जाने का उल्लेख किया गया है।
नोटिस में कहा गया है कि जलालपुर की इन कथित टिप्पणियों से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। उनसे पूछा गया है कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां क्यों कीं।
अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति ने मदन लाल जलालपुर को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। नोटिस में कहा गया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर जवाब नहीं दिया गया तो उनके खिलाफ पार्टी नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित