अलवर , अक्टूबर 11 -- राजस्थान में पंचायत राज चुनाव के प्रथम चरण को लेकर कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन की कवायद तेज कर दी है।

रविवार को अलवर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें टिकट के दावेदारों से उनके निजी विवरण लिये गये और संगठन स्तर पर उनकी दावेदारी, राजनीतिक सक्रियता और चुनाव जीतने की संभावनाओं पर मंथन किया गया। पर्यवेक्षकों ने भी संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा करके संभावित उम्मीदवारों के बारे में जानकारी ली। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, अगले एक-दो दिन में प्रत्याशियों की घोषणा की जा सकती है।

बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, विपक्ष के नेता टीकाराम जूली, कांग्रेस प्रभारी चिरंजीवी राव, धर्मेंद्र राठौड़ और कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पंचायत चुनाव में मजबूत उम्मीदवार उतारने और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाने को लेकर चर्चा की गई। टिकट के दावेदारों ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों का विवरण देते हुए निजी विवरण प्रस्तुत की।

पंचायत चुनाव में टिकट पाने की होड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अलवर के फूल बाग पैलेस में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा, वहीं एक निजी होटल में भी टिकट के दावेदार अपना विवरण लेकर पहुंचे। दोनों स्थानों पर दिनभर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। अब सभी की निगाहें कांग्रेस की प्रत्याशी सूची पर टिकी हैं। संगठन के जानकारी और जीत की संभावनाओं के आधार पर टिकटों का फैसला होने के संकेतों के बीच दावेदारों की धड़कनें बढ़ गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित