रायपुर/बस्तर , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के गंगालूर विकासखंड में स्थित सरकारी कन्या छात्रावास (पोटाकेबिन) में अध्ययनरत तीन नाबालिग छात्राओं के गर्भवती पाए जाने के मामले में कांग्रेस ने एक नौ सदस्यीय जांच समिति गठित की है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने इस समिति का गठन किया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, 16 मार्च को इस आशय का आदेश जारी किया गया। यह मामला बीजापुर जिले के गंगालूर ब्लॉक के एक कन्या छात्रावास से जुड़ा है, जहां कक्षा 11वीं और 12वीं की तीन नाबालिग छात्राएं अध्ययनरत हैं। इनके गर्भवती होने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
घटना की विस्तृत जांच करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने सुकमा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंगमा के नेतृत्व में समिति का गठन किया है। यह समिति अब अविलंब प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेगी और घटना की तह तक जाने का प्रयास करेगी।
समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह तत्काल प्रभाव से प्रभावित गांव और छात्रावास का दौरा करें। इस दौरे के दौरान समिति पीड़ित छात्राओं और उनके परिजनों से मुलाकात करेगी। इसके अलावा, समिति स्थानीय ग्रामीणों और छात्रावास प्रशासन के अधिकारियों से भी चर्चा करेगी ताकि घटना की वास्तविक स्थिति से अवगत हुआ जा सके। सभी पक्षों से बातचीत के बाद समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के इस कदम को पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के संज्ञान में लाया गया है। इस मामले की प्रतियां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं और बीजापुर के स्थानीय विधायक को भेजी गई हैं।
गौरतलब है कि संवेदनशील बस्तर क्षेत्र के बीजापुर जिले में यह घटना सामने आई है, जहां नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा और सुरक्षा की चुनौतियों के बीच यह मामला काफी गंभीरता से देखा जा रहा है। कांग्रेस ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और समिति जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित