बीजापुर , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर में भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया।
जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बीजापुर सहित बस्तर संभाग में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है, जिससे ऐसे गंभीर अपराधों में वृद्धि हुई है।
श्री मंडावी ने कहा कि ''बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ'' जैसे नारे केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।
विधायक ने कहा कि भैरमगढ़ की घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है तथा इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाती है, तो कांग्रेस आने वाले समय में और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित