नागपुर , अक्टूबर 15 -- महाराष्ट्र के नागपुर में कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाताओं के नाम बड़े पैमाने पर हटाए जाने के विरोध में जनमत जुटाने के लिए गुरुवार को 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत एक बाइक रैली निकाली।
रैली के दौरान पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया और नागरिकों के मतदान अधिकारों की रक्षा करने तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। यह रैली रामेश्वरी के त्रिशरण चौक पर स्थित डॉ बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा से शुरू होकर दत्तात्रेय नगर के महाकालकर हॉल तक निकाली गई।
इस रैली में महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी सिरिवेल्ला प्रसाद,नागपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल गुडधे पाटिल और विधायक अभिजीत वंजारी समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए। मीडिया से बातचीत के दौरान श्री प्रसाद और श्री गुडधे पाटिल ने एसआईआर प्रक्रिया को रोकने की पार्टी की मांग को दोहराया और मतदाता सूची से मतदाताओं के बड़े पैमाने पर नाम काटे जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित