मोहाली , जून 22 -- पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने सोमवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नरेंद्र पाल सिंह को ओबीसी सेल का जिला उपाध्यक्ष नियुक्ति पत्र सौंपा।
एक विशेष कार्यक्रम के दौरान हुई इस नियुक्ति के अवसर पर ओबीसी सेल के चेयरमैन राजिंदर सिंह धर्मगढ़ भी विशेष रूप से मौजूद रहे। यह नियुक्ति पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के निर्देशों के तहत संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से की गई है।
इस अवसर पर श्री सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मेहनती, ईमानदार और समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी देती रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतर सके। नरेंद्र पाल सिंह को यह जिम्मेदारी मिलने से जिले में पार्टी गतिविधियों को नयी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि नरेंद्र पाल सिंह ओबीसी समुदाय से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठायेंगे और पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व देना है।
ओबीसी सेल के चेयरमैन राजिंदर सिंह धर्मगढ़ ने भी नवनियुक्त पदाधिकारी को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ओबीसी सेल गांव-गांव और जिले-जिले तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचायेगा।
नियुक्ति के बाद नरेंद्र पाल सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन की मजबूती और ओबीसी समाज की आवाज बुलंद करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित