रायपुर , जुलाई 15 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में करीब 14 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गयी।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राज्यपाल से मिलने के लिए दो बार पत्र भेजे जाने के बावजूद मुलाकात का समय नहीं मिला, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन के सामने धरना शुरू कर दिया। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक अनीता शर्मा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, रायपुर शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन तथा राजेंद्र पप्पू बंजारे सहित अन्य नेता शामिल हैं।
इससे पहले पदयात्रा के दौरान मेक इन इंडिया चौक के समीप प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी रही। घटनास्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।
आंदोलन में शामिल कई महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया। महिलाओं ने कहा कि जब तक उन्हें राज्यपाल से मिलने नहीं दिया जाएगा, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगी। प्रभावित परिवारों की महिलाओं ने यात्रा के दौरान "नकटी गांव में ही घर बनाकर दो" के नारे लगाते हुए गांव में ही पुनर्वास की मांग दोहराई।
पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और प्रभावित परिवारों ने सड़क पर बैठकर सामूहिक रूप से भोजन भी किया।
कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने कहा, "नकटी गांव में ही प्रभावित परिवारों को घर मिलने तक कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी। उनके पुनर्वास और न्याय मिलने तक हमारा आंदोलन नहीं रुकेगा।"प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि उनके पैर में पहले से हल्की मोच थी। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान दर्द बढ़ने और दोबारा मोच आने के कारण उन्हें शेष दूरी कार से तय करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा गया है और समय मिलने पर प्रतिनिधिमंडल उन्हें ज्ञापन सौंपेगा।
पदयात्रा में पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, अनिला भेड़िया, प्रमोद दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नकटी गांव के प्रभावित परिवार शामिल हुए। कांग्रेस ने कहा कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित