भोपाल , अप्रैल 17 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में हर परिवार से 100 रुपये सहयोग लेने का प्रस्ताव रखा गया है। यह प्रस्ताव पार्टी की स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि प्रस्तावित राशि का उपयोग जिला एवं ब्लॉक स्तर पर ही प्रशिक्षण और संगठनात्मक गतिविधियों में किया जाएगा। इसे प्रदेश या अखिल भारतीय स्तर पर खर्च नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से संगठन को किसी एक व्यक्ति पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं होगी और कार्यकर्ता स्वयं संसाधन जुटाकर पार्टी को मजबूत करेंगे।
उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे मंडल, ब्लॉक, गांव और वार्ड स्तर तक संगठन का विस्तार सुनिश्चित करें तथा सभी इकाइयों का भौतिक सत्यापन करें। साथ ही, निष्क्रिय पदाधिकारियों को संगठन में शामिल न करने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
सम्मेलन में यह भी बताया गया कि जिला अध्यक्षों के कार्यों का मूल्यांकन जारी है और ब्लॉक अध्यक्षों के कार्यों की समीक्षा छह माह बाद की जाएगी। इसके आधार पर आगे की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं ने संगठनात्मक मजबूती, जनसंवाद और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को आगामी चुनावों के लिए आवश्यक बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित