पाली , जून 20 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर दशकों तक जनता को धोखा देने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कहा कि उसने अपने लंबे शासनकाल में किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं को केवल धोखा देने का काम किया है।
श्री शर्मा ने पाली जिले के सुमेरपुर में राज्य स्तरीय प्रधानमंत्री किसान उत्सव समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा रहा है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री के उस बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली से भेजे गए एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही जनता तक पहुंचते थे, शेष राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश से दलालों और कट मनी का राज समाप्त हो चुका है। आज किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि अब किसी बिचौलिए या दलाल की हिम्मत नहीं है कि वह जनता के अधिकारों पर डाका डाल सके।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पारदर्शिता और सुशासन के माध्यम से यह सुनिश्चित किया है कि योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जहां तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा देती रही वहीं डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और समग्र विकास की दिशा में काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित