भोपाल/दतिया , जुलाई 12 -- कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए पूर्व विधायक एवं दतिया राजघराने के मुखिया घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की।

उम्मीदवारी घोषित होने के बाद घनश्याम सिंह ने कहा कि कांग्रेस विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी और मुकाबला सीधे कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी पार्टी चुनाव में जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव अभियान में विकास, सामाजिक सद्भाव और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। उनका प्रयास सभी वर्गों को साथ लेकर क्षेत्र के विकास की राजनीति को आगे बढ़ाने का रहेगा।

तीसरी पार्टियों के चुनाव मैदान में होने के संबंध में पूछे गए सवाल पर श्री सिंह ने कहा कि उनका मानना है कि मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य दल केवल मतों के बंटवारे का कारण बनते हैं। यह उनका राजनीतिक मत है।

उम्मीदवारी की घोषणा के बाद दतिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए जश्न मनाया और श्री सिंह को बधाई दी। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने आशुतोष तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया है। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के मैदान में उतरने के बाद चुनावी मुकाबला तेज हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित