नयी दिल्ली , मई 05 -- कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़े दल के रूप में उभरे फ़िल्म अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने का फैसला पार्टी की प्रदेश इकाई पर छोड़ दिया है।
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार देर रात सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी देते हुए बताया कि टीवीके अध्यक्ष विजय ने सरकार गठन के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है और अपने राजनीतिक मिशन में पेरुमथलैवर के. कामराज से प्रेरणा लेने की बात कही है।
श्री वेणुगोपाल ने कहा कि तमिलनाडु में जनता का जनादेश धर्मनिरपेक्ष सरकार के पक्ष में है और कांग्रेस किसी भी स्थिति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) या उसके सहयोगियों को सरकार चलाने की अनुमति नहीं देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस को निर्देश दिया है कि वह राज्य के जनादेश और जनता की भावना को ध्यान में रखते हुए इस अनुरोध पर अंतिम निर्णय ले। कांग्रेस ने दोहराया कि वह संविधान की भावना की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा तथा उसके सहयोगियों को किसी भी रूप में तमिलनाडु की सत्ता में आने से रोकने के लिए संकल्पित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित