देहरादून , मार्च 25 -- उत्तराखंड में महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के तत्वावधान में बुधवार को कांवली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने यहां बल्लीवाला चौक में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, भारी किल्लत एवं अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदेश सरकार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देहरादून सहित पूरे प्रदेश में गैस एजेंसियों की मनमानी चरम पर है। उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी से सीधे सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है और केवल होम डिलीवरी के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद आम उपभोक्ताओं को न्यूनतम 25 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि जिनके पास दो सिलेंडर हैं उन्हें 35 दिन तक और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 45 दिन तक गैस के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक और जनता के साथ अन्यायपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों और संबंधित तंत्र की मिलीभगत से कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे आम आदमी को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और उसे महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले में मूकदर्शक बनी हुई है और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी व्यवस्था के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी।
श्री गोगी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, गैस की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित