भोपाल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र (जीतू) पटवारी ने देश में पेट्रोल-डीजल की स्थिति और आमजन में फैल रही आशंका को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और बयानों के कारण स्थिति चिंताजनक बनी है।

श्री पटवारी ने आरोप लगाया कि देश की पारंपरिक गुटनिरपेक्ष नीति कमजोर हुई है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संतुलन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत छवि निर्माण और विदेशी नेताओं, विशेषकर डोनाल्ड ट्रंप के साथ संबंधों के प्रदर्शन से कूटनीतिक संतुलन पर असर पड़ा है।

उन्होंने कहा कि हाल में संसद में दिए गए प्रधानमंत्री के बयान के बाद देशभर में आशंका का माहौल बना है, जिसके चलते कई स्थानों पर पेट्रोल पंपों पर कतारें देखी जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार संकट से इनकार कर रही है, वहीं दूसरी ओर हालात भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले ही ऐसी परिस्थितियों को लेकर आगाह किया था, जो अब सही साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आमजन की सहायता के लिए आगे आएं और राहत पहुंचाने का प्रयास करें। श्री पटवारी ने केंद्र सरकार से स्थिति स्पष्ट करने, पारदर्शिता बरतने और जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित